संभल। शहर के चंदौसी चौराहे पर चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाए हुए करीब दो महीने का समय हो चुका है। अतिक्रमण हटाने के दौरान प्रक्रिया को तेजी से पूरा किए जाने का दावा था लेकिन लोकनिर्माण विभाग का यह दावा महज दावा ही निकला है। इस चौराहे की तस्वीर अतिक्रमण हटाने के बाद से जो बिगड़ी है उसका असर आम लोगों पर पड़ा है। एक तरफ कारोबार ठप हुआ है। दूसरी ओर राहगीरों से लेकर स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली विभाग को चौड़ीकरण की जद में आए बिजली के खंभे, लाइन और ट्रांसफार्मर दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने हैं। इसके लिए लोकनिर्माण विभाग को 11 लाख रुपये का एस्टीमेट भेजा गया है। एस्टीमेट की राशि बिजली विभाग के खाते में नहीं पहुंची है। इसलिए शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू ही नहीं हो सकी है। शुक्रवार को कांवड़ यात्रा को देखते हुए पालिका की ओर से नालों के किनारे दीवार खड़ी कराई है। जिससे कोई हादसा न हो सके। बारिश में हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
नगर पालिका के ईओ मणिभूषण तिवारी ने बताया कि चौड़ीकरण का कार्य तो अभी शुरू हो नहीं रहा है। अतिक्रमण हटाने के चलते नाले से हादसा होने का खतरा बढ़ा है। इसको देखते हुए दीवार खड़ी कराई है। चौड़ीकरण का कार्य शुरू होगा तो दीवार को तोड़ दिया जाएगा।
मालूम हो चौड़ीकरण की जद में 50 से ज्यादा दुकान और मकान आए हैं। दुकानों का कारोबार तो पूरी तरह ठप हो चुका है। मकान और दुकानों के मालिक अब संवारने की भी हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। क्योंकि अभी तक यही स्पष्ट नहीं हुआ है कि कितना चौड़ीकरण किया जाना है।
000000
अभी बिजली विभाग के खाते में एस्टीमेट की राशि नहीं भेजी गई है। अब तो चौड़ीकरण का कार्य कांवड़ यात्रा समापन के बाद ही शुरू हो सकेगा।
सुनील प्रकाश, एक्सईएन, संभल