कान में ईयरफोन लगाकर ट्रैक पार करते समय किशोर ट्रेन से कट गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा राजघाट पर हुआ। युवक यहां गंगा दशहरा के मेले में आया था। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के गांव मीरमपुर उर्फ धिमरपुरा निवासी रूपचंद (18) अपने गांव के निकट स्थित गंगा तट राजघाट पर दशहरा मेले में घूमने आया था। गुरुवार की सुबह तकरीबन छह बजे वह ईयरफोन लगाकर मोबाइल पर गाने सुन रहा था।
कुछ समय बाद अलीगढ़ बरेली रेलवे ट्रैक पर टहलने लगा। तभी अचानक अलीगढ़ की ओर से ट्रेन आ गई। युवक को देख दूर से देख रहे लोगों ने शोर मचाया। लेकिन उसे सुनाई नहीं दिया। ट्रेन का हॉर्न भी उसने नहीं सुना। अचानक वह ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
बबराला चौकी प्रभारी सचिन बालियान ने शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि किशोर के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है जबकि उसके बड़े भाई की सर्पदंश से मौत हुई थी तीन भाइयों में उसका एक भाई बचा है।