बनियाठेर (संभल)। गांव जनेटा में शनिवार की रात चिराग जलाते समय कपड़ों ने आग पकड़ ली, जिससे युवती झुलस गई। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और आग बुझाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवती को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
गांव जनेटा निवासी 27 वर्षीय नगमा के माता-पिता का निधन हो चुका है, जबकि भाई मुशाहिद गाजियाबाद में रहकर मेहनत मजदूरी कर रहा है। नगमा गांव में अकेली रहती है। जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात करीब 11 बजे नगमा चिराग जलाते समय आग की चपेट में आ गई। कपड़ों ने आग पकड़ ली, जिससे युवती की चीख सुनकर पास पड़ोस के लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और पास पड़ोस के लोगों की मदद से युवती को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर रविवार को भाई मुशाहिद भी पहुंच गया और नगमा को उपचार के लिए गाजियाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां उसका उपचार चल रहा है।