चंदौसी। बृहस्पतिवार की शाम एक घंटे हुई झमाझम बारिश ने जहां उमस से लोगों को राहत दी तो मुसीबत भी बढ़ा दी। शहर की मुख्य सड़कों समेत गली मोहल्लों में जलभराव हो गया। इतना ही नहीं सरकारी संस्थानों के परिसर में भी जलभराव हो गया। स्टेशन रोड पर कमर से ऊपर तक जलभराव होने से चौपहिया व दोपहिया वाहन भी धोखा दे गए। लोग वाहनों को धक्का देकर खींचते नजर आए और पालिका की व्यवस्थाओं को कोसते दिखे।
कई दिन से उमस भरी गर्मी के बीच आसमान में बादल छा रहे थे लेकिन बरस नहीं रहे थे। बृहस्पतिवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर में कुछ देर के लिए धूप खिलने के बाद फिर से काली घटाएं छा गईं। शाम करीब पौने पांच बजे से तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश से स्टेशन रोड, जारई गेट, एफआर रोड, मोहल्ला कागजी, संभल गेट, मुंसिफ रोड, सीता रोड समेत गली मोहल्लों में जलभराव हो गया। इतना ही नहीं कोतवाली परिसर में भी जलभराव हो गया।
बारिश थमी तो लोगों की आवाजाही शुरू हुई। स्टेशन रोड पर कमर से ऊपर तक जलभराव हो गया। जिससे लोगों के चौपहिया और दोपहिया वाहन जलभराव में धोखा दे गए। लोगों ने धक्का लगा कर वाहनों को जलभराव से बाहर निकाला। जलभराव होने से अधिकांश दुकानदारों ने भी दुकानों के शटर गिरा कर घर की ओर रुख कर दिया। बाजारों में सन्नाटा पसर गया। रात नौ बजे के बाद तक सड़कों पर जलभराव रहा।
अकबरपुर चितौरी में गिरी रेलवे की दीवार, कार और बाइक दबी
मंडी समिति के नजदीक अकबरपुर चितौरी में झमाझम बारिश के दौरान रेलवे की दीवार भरभरा कर ढह गई। गनीमत रही बारिश के चलते आसपास कोई नहीं था। जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि दीवार के पास खड़ी एक कार और एक बाइक मलबे में दब कर क्षतिग्रस्त हो गई।
-
कई घंटे बंद रही स्टेशन रोड और सुभाष रोड की बिजली आपूर्ति
बारिश से हुए जलभराव के चलते स्टेशन रोड और सुभाष रोड आदि क्षेत्र की बिजली आपूर्ति शाम छह बजे ही बंद कर दी गई। जिससे राह चलते किसी को करंट न लग जाए। रात बजे तक सड़क से पानी नहीं उतर सका। जिससे बिजली आपूर्ति भी बंद रही। जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। एसडीओ नगर अजय चौरसिया ने बताया कि जलभराव में कोई अनहोनी न हो सके। जिससे स्टेशन रोड और सुभाष रोड की बिजली आपूर्ति बंद की गई। सड़क से पानी उतरते ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।