संभल में रोडवेज स्टेशन परिसर में बारिश के बाद हुआ जलभराव।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। बारिश के चलते संभल में रोडवेज परिसर और संभल-हयातनगर-बहजोई मार्ग पर पानी भर गया। इसका असर जनता पर पड़ा। लोग नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग को कोसते नजर आए। संभल रोडवेज के बस अड्डे में गुुरुवार की रात और शुक्रवार को दोपहर तक हुई बारिश का असर रहा। बस अड्डे के इंचार्ज राजीव रुहेला जब भोर में साढे़ चार बजे पहुंचे तो बस अड्डे का परिसर पानी से भरा था। कई बसें खड़ी थीं।
चालक परिचालक जिस कक्ष में बैठतें हैं, वहां पर गंदगी के साथ पानी का जमाव हो गया था। उन्होंने बताया कि दोपहर एक बजे तक यही स्थिति रही। मुरादाबाद और संभल के बीच बसों से सफर करने वाले यात्री हर मिनट आ रहे थे लेकिन जल भराव की वजह से उनके कपड़े कीचड़ और पानी में खराब हो रहे थे। साजिद, सौरभ शर्मा, कोमल गिरी, फहीम, शिवशंकर समेत कई रोडवेज कर्मी इस स्थिति में परेशान नजर आए।
वहीं बारिश और सर्दी के चलते रोडवेज की बसों में यात्री कम निकले। सोहराब गेट मेरठ की बस जो चंदौसी से मेरठ के लिए सुबह नौ बजे के स्थान पर साढ़े नौ बजे चली लेकिन उसमें यात्री रोजाना की तुलना में कम थे।
परिचालक जीतू का कहना था कि यह बारिश और सर्दी के मौसम का असर है। संभल-बहजोई मार्ग पर मुजफ्फरपुर गांव में जलभराव हो गया। सड़क पर करीब दो फुट पानी भर गया। सड़क का कोई पता नहीं चला। लोग अंदाजा लगाकर आगे को निकले। हादसा का खतरा बना रहा। पानी भरने की मुख्य वजह सड़क किनारे नालों का न होना है। ग्रामीणों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग को इसकी कई बार जानकारी दी गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।