चंदौसी। माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी के मोहल्ले रायसत्ती में 50 घरों में पिछले एक माह से पीने का पानी नहीं आ रहा है। अन्य घरों में सबमर्सिबल होने पर उन्हें पानी की समस्या का पता नहीं चलता। आरोप है कि बार बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हुआ। सोमवार को आक्रोशित लोगों ने रायसत्ती देवी मंदिर पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया।
चंदौसी के मोहल्ला रायसत्ती में 300 से अधिक घर है और आबादी करीब 2000 है। इसी मोहल्ले में माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी का आवास भी है। इस मोहल्ले में अधिकांश घरों में सबमर्सिबल लगा हुआ है। इनमें से 50 घर ऐसे हैं, जिनके घरों में सबमर्सिबल नहीं लगा हुआ है। इन 50 घरों के लोगों का आरोप है कि उनके मोहल्ले में जारईगेट के पास लगे नलकूप से पानी की आपूर्ति होती है। पर जारई गेट के नलकूप की गड़बड़ी के चलते पिछले एक माह से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। रायसत्ती देवी व मोहल्ले में अन्य हैंडपंप लगा हुआ है। पिछले एक माह से इन्हीं हैंपपंप से पानी का गुजारा किया जा रहा है।
खाने, पीने, दैनिक क्रिया, स्नान आदि करने, कपड़े धोने के लिए वे लोग इन्हीं हैंडपंप पर निर्भर है। पानी के लिए हैंडपंप पर लाइन लगानी पड़ती है। लोगों को समस्या का सामना करना पड़ता है। जब भी जेई अथवा अन्य अधिकारी से शिकायत करते हैं, तो कभी नलकूप के खराब होने, कभी मोटर खराब होने और कभी नलकूप के पानी न देने की बात कहकर टाल दिया जाता है। पर पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ। सोमवार को लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और पालिका के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में चंद्रवती, आशा, लीला, नन्हीं, मीरा देवी, आरती, जावित्री, रामरतन, मनोज कुमार, मधुबन, सोहनलाल, गंगाराम नरेेंद्र कुमार, लक्ष्मी नारायण शामिल रहे।