संभल। असमोली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अलिया कल्याणपुर के मझरा गांव ईसापुर मुंड के ग्रामीणों ने मतदान केंद्र बदलने का विरोध करते हुए चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है।
ग्राम पंचायत अलिया कल्याणपुर के मझरा गांव ईसापुर मुंड के ग्रामीण पड़ोस के गांव सतुपुरा में मतदान करते थे। इस बार उनका मतदान केंद्र बदलकर अलिया कल्याणपुर कर दिया है। जो सतुपुरा गांव से दूर है। सोमवार को ग्रामीणों ने पंचायत कर विरोध जताया। साथ ही मतदान का बहिष्कार करने का एलान किया है। उनका कहना है कि सतुपुरा का मतदान केंद्र एक किलोमीटर दूर था और रास्ता भी सुविधाजनक था। जबकि नया मतदान केंद्र अलिया कल्याणपुर की दूरी तीन किलोमीटर है। आने जाने के लिए भी कच्चा मार्ग है। इसलिए मतदान केंद्र को पूर्व की तरह सतुपुरा में बनवाया जाए। जिला प्रशासन मांग पर विचार नहीं करता है तो सभी मतदाता अलिया कल्याणपुर में मत का प्रयोग करने नहीं जाएंगे। इस दौरान वालेश त्यागी, चेतन स्वरूप, राजीव, मान सिंह, लोकेश, सतपाल, प्रदीप, ललित, हरप्रसाद, रोबिन सिंह, मुक्तेश कुमार, कमल आदि मौजूद रहे।