धनारी। भिरावटी के साप्ताहिक बाजार में बहन के देवर ने युवती को बात करने के बहाने बाइक पर बैठा लिया और अपने साथी की मदद से युवती को भगाकर ले जाने का प्रयास किया। युवती के शोर मचाने पर उधर से आ रहे राहगीर ने बाइक गिरा दी और लोगों की मदद से आरोपी देवर को पकड़ लिया। पुलिस ने युवती की तहरीर पर युवक को गिरफ्तार कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना धनारी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती तीन सालों से एक गांव में अपनी बहन के घर रहती है। शुक्रवार को युवती पास के गांव के साप्ताहिक बाजार से सब्जी लेने गई थी। आरोप है कि बाजार में युवती को दूसरी बहन का देवर विनीत मिला था। उसके साथ एक अन्य युवक भी था। बाजार में बातचीत करने के बाद विनीत ने युवती से बाजार से अलग हटकर बातचीत करने के लिए कहा और बाइक पर बैठा लिया।
गांव भिरावटी से बाहर निकलने पर जब युवक ने बाइक नहीं रोकी तो युवती ने शोर मचा दिया। युवती के शोर मचाने पर जंगल में काम कर रहे लोग बचाने को दौड़ पड़े। सामने से आ रहे राहगीर ने बाइक को रोकने का प्रयास किया और गति धीमी होने पर पीछे पकड़कर बाइक गिरा दी। मौके पर जमा हुए लोगों ने आरोपी विनीत को पकड़ लिया। जबकि दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। बाइक गिरने से युवती घायल हो गई। भीड़ ने आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर लिया। युवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी विनीत और उसके फरार साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।