चंदौसी। शहर के मोहल्ला गोला गंज निवासी एक विद्युत उपभोक्ता बिजली का बिल जमा नहीं कर पा रहा है। उसने प्रशासन से बिजली का बिल जमा कराने के लिए अपनी किड़नी बेचने की अनुमति मांगी है।
शहर के मोहल्ला गोलागंज निवासी प्रेमशंकर का कहना है कि उसकी मां के नाम से घरेलू विद्युत कनेक्शन है। जिसका बिल हर माह जमा किया जाता रहा है। लेकिन इस वर्ष से बिल अधिक आने लगा है। इस बारे में बिजली विभाग को अवगत कराया लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
जब इस बारे में अधिकारियों से गुहार लगाई और परेशान होकर मिट्टी का तेल छिड़कर आत्मदाह की कोशिश की तो शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की गई। इस बार भी दो माह का बिल तीन हजार रुपये आया है।
समाधान न होने से काफी धनराशि इकट्ठी हो गई है। गरीब होने के कारण बिल जमा नहीं कर पा रहा है। इसलिए प्रेमशंकर ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्रशासन से बिल जमा करने के लिए किडनी बेचने की अनुमति मांगी है। अधिकारियों ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।