संभल। शहर के तीर्थ और कूप को संवारने के लिए बजट का इंतजार है। शासन से बजट जारी होने पर इन तीर्थों और कूपों की तस्वीर बदली नजर आएगी। नगर पालिका के ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी ने बताया कि 12 तीर्थ, 14 कूप और कुएं का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण होना है। इस पर करीब नौ करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है, लेकिन अभी बजट जारी नहीं हुआ है। उम्मीद है कि अगले महीने तक बजट मिल जाएगा। उसके बाद तीर्थ और कूप को संवारने का काम कराया जाएगा। शहर में प्राचीन देवतीर्थ व कूपाें का समृद्ध इतिहास है। 68 तीर्थ और 19 कूप का उल्लेख पुराणों में भी मिलता है। इसी क्रम में शहर और उसके आसपास के तीर्थों को प्रशासन ने चिन्हित कराने की कवायद की थी। जिससे इनको संवारा जा सके। इसमें जो तीर्थ और कूप पालिका क्षेत्र में शामिल हैं। उनको संवारने की जिम्मेदारी पालिका को सौंपी है। जो ग्रामीण इलाके में तीर्थ और कूप आते हैं। उनको ग्राम पंचायत व जिला प्रशासन के द्वारा संवारने के लिए कवायद की जानी है। ईओ ने बताया कि वंदन योजना के अंतर्गत भी यम तीर्थ पर कार्य कराया जा रहा है। दीनदयाल योजना के तहत भी कार्य कराया गया है। इसके अलावा पालिका की ओर से 15वें वित्त आयोग से भी कार्य कराया गया है। जो कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी गई है। उसके बजट मिलने का इंतजार है। उसके बाद कार्य को तेजी से कराया जाएगा।
स्कंद पुराण में है संभल का उल्लेख
संभल में राजपूत और मुगलों के शासन की भी झलक दिखती है। पुराणों में इसका धार्मिक महत्व बताया जाता है। स्कंद पुराण में संभल के सतयुग से लेकर कलियुग तक के नाम का उल्लेख मिलता है। इसके अलावा यह भी उल्लेख है कि कलियुग में भगवान कल्कि का अवतरण संभल में होगा। इसी मान्यता को लेकर इसका धार्मिक महत्व ज्यादा है।
एएसआई इन कूप और तीर्थों का कर चुकी है सर्वे
-चतुर्मुख ब्रह्म कूप स्थित पानी की टंकी के पास, आलम सराय, संभल।
-अमृत कूप स्थित कूप मंदिर, दुर्गा कालोनी, संभल।
-अशोक कूप स्थित मोहल्ला हल्लू सराय, संभल।
-सप्तसागर कूप स्थित सर्थलेश्वर मंदिर, सरथल चौकी के पास, मोहल्ला कोट पूर्वी, संभल।
-बलि कूप स्थित पुरानी तहसील के पास, कूचे वाली गली, संभल।
-धर्म कूप स्थित हयातनगर, संभल।
-ऋषिकेश कूप स्थित शिव मंदिर, मोहल्ला कोट पूर्वी, संभल।
-पराशर कूप स्थित कल्कि मंदिर के पास, मोहल्ला कोट पूर्वी, संभल।
-अकर्ममोचन कूप स्थित कोतवाली के सामने, मोहल्ला ठेर संभल।
-धरणि वाराह कूप स्थित जामा मस्जिद चौकी के नीचे, मोहल्ला कोट गर्वी, संभल।
-भद्रका आश्रम तीर्थ, होज भदेसरा, संभल।
-स्वर्गदीप तीर्थ/सती मठ, स्थित गांव जलालपुर मोहम्मदाबाद, संभल।
-चक्रपाणि तीर्थ, गांव जलालपुर मोहम्मदाबाद, संभल।
-प्राचीन कूप स्थित एक रात वाली मस्जिद के पास, मोहल्ला कोट गर्वी, संभल।
-प्राचीन कूप स्थित जामा मस्जिद परिसर, मोहल्ला कोट गर्वी, संभल।
-प्राचीन कूप स्थित बाल विद्या मंदिर के सामने, मोहल्ला चमन सराय, संभल।
-प्राचीन कूप स्थित न्यारियों वाली मस्जिद, मोहल्ला खग्गू सराय, संभल।
-प्राचीन कूप स्थित गद्दियों वाला मोहल्ला, कोट पूर्वी, संभल।
-प्राचीन कूप स्थित सेठों वाली गली, मोहल्ला कोट पूर्वी, संभल।
-प्राचीन कूप स्थित एजेंटी चौराहे के पास, मोहल्ला डूंगर सराय, संभल।
-प्राचीन मंदिर व कूप स्थित मोहल्ला खग्गू सराय, संभल।
-प्राचीन तीर्थ/श्मशान/मंदिर, आर्य कोल्ड स्टोर के पास, अजीजपुर असदपुर, संभल
शासन से बजट की मांग करते हुए प्रस्ताव भेजा गया था। उसका बजट जारी नहीं हुआ है। अगले महीने तक बजट मिलने की उम्मीद है। उसके बाद तीर्थ और कूप को संवारने का काम तेजी से कराया जाएगा। फिलहाल यमतीर्थ पर कार्य कराया जा रहा है। अलग-अलग योजनाओं से भी काम कराया गया है।
-डॉ. मणिभूषण तिवारी, ईओ, पालिका संभल