चंदौसी। संभल गेट पर नाले को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए दूसरे दिन भी शुक्रवार को पालिका की जेसीबी गरजी। प्रशासन ने नाले पर एनकेबीएमजी कॉलेज के बाहर अवैध रूप से बनी तीन दुकानों को ध्वस्त करा दिया। वहीं एसडीएम ने मौका मुआयना किया और नाले से सटी सड़क पर बने पांच मकानों को शाम तक खाली करने के निर्देश दिए। इसके बाद मकानों को ध्वस्त किया जाएगा।
शहरवासियों को बारिश के दिनों में सड़कों पर होने वाले जलभराव से निजात दिलाने के लिए शहर के नालों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। इसी क्रम में संभल गेट पर एनकेबीएमजी कॉलेज रोड से होकर जा रहे नाले को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए अभियान शुरू किया गया। एसडीएम विनय कुमार मिश्रा और ईओ धर्मराज राम की मौजूदगी में जेसीबी से नाले से अतिक्रमण ध्वस्त करने का कार्य आरंभ किया गया।
मकानों के आगे नाले पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त किया। शुक्रवार को भी पालिका की टीम जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची। यहां कॉलेज के बाहर सड़क पर बनी तीन दुकानों को जेसीबी से ध्वस्त कराया। दोपहर 12 बजे करीब एसडीएम और ईओ मौके पर पहुंचे। यहां नाले से सट कर सड़क पर बने पांच मकानों की पैमाइश कराई। मकानों में रह रहे लोगों से बैनामा दिखाने को कहा। कुछ लोगों ने कागजात की फोटो कॉपी दिखाई। बताया जा रहा है कि मकान स्वामियों के नाम खसरा खतौनी में दर्ज नहीं हैं। जिससे मकानों को अवैध मानते हुए मकान स्वामियों को शाम तक मकान खाली करने के निर्देश दिए।
ट्रांसफार्मर के पास बनी दो दुकान खुद खाली कर रहे लोग
संभल गेट पर नाले के दूसरी ओर कंपनी बाग की ओर नाले पर दो दुकानें बनी हैं। प्रशासन ने नाले पर बनी दोनों दुकानों को शुक्रवार शाम तक खाली करने के निर्देश दिए। दोपहर बाद दोनों दुकान स्वामी अपनी-अपनी दुकान खाली करने में जुट गए। शनिवार को दुकानों को ध्वस्त किया जाएगा।
जेसीबी से तीन दुकानें की ध्वस्त, नाले की सफाई भी कराई
दूसरे दिन भी शुक्रवार को संभल गेट पर एनकेबीएमजी कॉलेज रोड पर बने नाले को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए पालिका की जेसीबी गरजी। यहां कॉलेज के बाहर सड़क पर अवैध रूप से बनी पालिका की पांच दुकानें जेसीबी से ध्वस्त कर दीं। साथ ही जेसीबी से नाले की साफ-सफाई का कार्य भी किया गया।
सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण मान्य नहीं होगा। संभल गेट पर नाले से सट कर पालिका की सड़क है। सड़क पर अवैध रूप से मकान बना लिए गए हैं। मकान स्वामियों को मकान खाली करने को कहा गया है। इसके बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।-विनय कुमार मिश्रा, एसडीएम चंदौसी