चंदौसी के लाजपत नगर स्थित एक बूथ पर कुछ मतदाताओं को उस समय गुस्सा आ गया जब वह बूथ पर पहुंचे और सूची में उनका नाम नहीं था। कई मतदाताओं के पास पर्ची नहीं पहुंची थी। जब वह केंद्र पर पहुंचे तो वहां भी सूची में नाम नहीं था। मतदाताओं का कहना था कि उनके पास पहचान पत्र भी है, कई वर्षों से यहां वोट डालते आ रहे हैं।
विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। तब निकाय चुनाव की सूची से उनका वोट कैसे गायब हो सकता है। इस बात को लेकर बीएलओ से नोकझोंक हुई। बात तू-तू मैं-मैं से आगे बढ़ी तो कुछ गुस्साए मतदाताओं ने हाथा पाई शुरू कर दी।
देखते ही देखते बीएलओ को गुस्साए मतदाताओं ने जमकर धुन दिया। बूथ के पास हंगामे की सूचना पाकर पुलिस बल भी पहुंच गया। प्रशासनिक अधिकारियों से मामले की शिकायत की गई है। प्रशासन मामले का निस्तारण कराने में जुटा है। पीड़ित बीएलओ का कहना है कि वह आरोपी मतदाताओं के खिलाफ शिकायत करेगा।