चंदौसी(संभल)। तहसील क्षेत्र के ब्लॉक बनियाखेड़ा क्षेत्र के गांव बेहटा साहू के ग्रामीण शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे और गांव में गलत तरीके से किए गए तालाब के पट्टे के आवंटन को लेकर सवाल खड़े करते हुए प्रदर्शन किया। एसडीएम को संबोधित ज्ञापन सौंप कर क्रमबद्ध तरीके से तालाब का पट्टा कराने की मांग। इसके साथ ही ग्रामीणों राज्यमंत्री गुलाब देवी के आवास और कलक्ट्रेट पर पहुंच कर शिकायत दर्ज कराई है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया कि वह गांव बेहटा साहू के रहने वाले हैं। गांव में एक तालाब की भूमि जिसकी गाटा संख्या 638 ख रकबा .559 हेक्टेयर है। तालाब की भूमि पर बिना कानूनी प्रक्रिया अपनाए गलत तरीके से एक पट्टा एक जनवरी 2025 को गांव के पप्पू के नाम कर दिया गया है। गांव में धीमर जाति व अन्य जाति के लोग हैं। जो इस तालाब के पट्टों को प्राप्त करने के अधिकारी हैं। आरोप लगाया कि उक्त पप्पू नाम के व्यक्ति ने गलत तरीके से तालाब का पट्टा स्वीकृत कराया है। पट्टा आवंटन करने से पहले कोई मुनादी आदि नहीं कराई गई है। न ही जिला के किसी मान्यता प्राप्त समाचार पत्र में तालाब पट्टा आवंटन की सूचना भी प्रकाशित नहीं कराई गई। इससे गलत तरीके से किए गए इस पट्टे को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के किसी बच्चे की मृत्यु हो जाती है तो उसका संस्कार तालाब में किया जाता है। प्रक्रिया के आधार पर पट्टा आवंटित किया जाए। प्रदर्शन करने वालों में भूप सिंह कश्यप, लोकेश दिवाकर, अजय शर्मा, विकास दिवाकर, जीशान इदरीशी, अनिल कुमार मौर्य, तारा चंद्र मौर्य, पूरन सिंह दिवाकर, रोहताश, राहुल श्रीवास्तव, राजेश दिवाकर, कल्लू, मनोज, विकास, भूपेंद्र समेत तमाम ग्रामीण थे।