सरायतरीन। पवांसा गांव के लोगों ने गंदगी के विरोध में ब्लॉक कार्यालय परिसर में पहुंचकर ग्राम प्रधान और सफाई कर्मचारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद ज्ञापन देने के लिए प्रदर्शनकारी एक घंटे तक इंतजार करते रहे पर किसी ने ज्ञापन नहीं लिया। इसके बाद यह लोग बैरंग ही घरों को लौट गए।
प्रदर्शनकारी मुनेश वाल्मीकि ने बताया कि पिछले एक वर्ष में एक दो बार ही सफाई कर्मचारी ने साफ सफाई की है। त्योहार पर भी मोहल्ले में सफाई नहीं होती है। ऐसे में गंदगी और कीचड़ में रहने को मजबूर हैं। बुधवार को सफाई करने के लिए ग्राम प्रधान पति को फोन से अवगत कराया। इसके बाद ग्राम प्रधान ने तीन-चार दिन बाद सफाई करने के लिए कहा। इससे मोहल्ले में संक्रामक बीमारी फैल रही है। खंड विकास अधिकारी कार्यालय में इसकी शिकायत के लिए गए तो एक घंटे इंतजार करना पड़ा पर फिर कोई ज्ञापन लेने नहीं आया। इस दौरान सुभाष वाल्मीकि, अनुज वाल्मीकि, रमेश वाल्मीकि, महेश कुमार, भूरे सिंह, रामवीर, सुशीला, विद्यावती, मनोज कुमार, विकास, ऋतिक कुमार, मुन्नी देवी आदि रहे।