जुनावई। ब्लॉक क्षेत्र के गनूपुरा गांव में समस्याओं से जूझ रहे लोगों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा, जब ग्राम सचिव सफाई कराने पहुंचे। मौके पर हंगामा होने लगा। मारपीट की नौबत पहुंचती, इससे पहले ही ग्राम प्रधान और सचिव मौके से निकल गए। बीडीओ ने इस मामले में तहरीर दी है।
रविवार को एडीओ पंचायत कुलदीप कुमार ने गांव में पहुंच कर सामुदायिक शौचालय एवं पंचायत भवन को कब्जा मुक्त कराने के बाद ग्राम पंचायत को सौंप दिया था। मरम्मत कार्य कराकर प्रतिदिन खोलने के आदेश ग्राम सचिव एवं प्रधान को दिए थे। सोमवार को गांव में प्रधान प्रतिनिधि विजेंद्र कुमार के साथ सचिव कपिल दयाल सफाई व्यवस्था कराने के लिए पहुंचे। तभी गांव के कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामले ने तूल पकड़ लिया। ग्रामीणों का आक्रोश देख सचिव अपने सफाई कर्मी के साथ मौके निकल आए।
ब्लॉक जुनावई के बीडीओ अखिलेश कुमार ने बताया कि सोमवार को सचिव कपिल दयाल को सफाई कर्मी करतार सिंह के साथ गांव भेजा गया था। वहां कुछ लोगों ने पानी निकास को लेकर सचिव के साथ अभद्रता की। पुलिस को तहरीर देने के साथ प्रशासन के आला अधिकारियों को पत्र भेजा है।