बनियाठेर। थाना कैलादेवी क्षेत्र के गांव सौंधन की मिलक निवासी चरन सिंह (55) की छत से गिरने से मौत हो गई। वह चंदौसी क्षेत्र के गांव मऊ अस्सू स्थित अपनी ससुराल में साले के बेटे के मुंडन संस्कार में शामिल होने गए थे। मुंडन संस्कार को लेकर जहां परिवार में मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहीं हादसे में मौत के बाद खुशियां मातम में बदल गईं।
परिजनों ने बताया कि चरन सिंह पत्नी विरमा देवी के साथ शुक्रवार को अपने साले के बेटे के मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए मऊ अस्सू गांव पहुंचे थे। रविवार रात खाना खाने के बाद वह अन्य लोगों के साथ ही छत पर सोने चले गए। रात करीब 10 बजे पानी पीने के लिए उठते समय नींद की हालत में उनका पैर फिसल गया और वह छत से मकान के पीछे खाली पड़े प्लाॅट में जा गिरे।
आवाज सुनकर ससुराल वाले मौके पर पहुंचे और तुरंत उन्हें चंदौसी सीएचसी ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। रात में ही शव को पैतृक गांव सौंधन की मिलक लाया गया। शव पहुंचते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। पत्नी विरमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। चरन सिंह अपने पीछे तीन बेटे बलवीर, देवेश और नन्हें को छोड़ गए हैं । परिजनों ने सोमवार की शाम अनूपशहर गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया।