संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर सराय में खेत से धान निकालने गए 42 वर्षीय किशोरी लाल सैनी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के मुताबिक घटना बृहस्पतिवार की देररात की है। सीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि ग्रामीण की मौत किन परिस्थितियों में हुई है। इसकी जानकारी के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
मृतक की पत्नी प्रेमवती ने बताया कि गांव से 500 मीटर दूर खेत में धान निकालने गए थे। रात 9 बजे वह खेत के बाहर अचेत अवस्था में पड़े मिले। मुंह और नाक से मुंह से खून निकल रहा था। परिजनों का कहना है कि सामान्य मौत नहीं है। अंदेशा है कि हत्या की गई है।
वहीं, दूसरी ओर ग्रामीण की मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस को भी परिजनों ने हत्या का अंदेशा जाहिर किया है। पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही जांच पड़ताल की जा रही है।
मृतक अपने पीछे तीन बेटी राखी, भारती, प्रियंका और एक बेटे कृष्ण को छोड़ गए हैं। उनकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा, क्योंकि वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।