संभल। बनियाखेड़ा ब्लाक की ग्राम पंचायत राजथल मैंथरा में पहली बैठक में ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव पर अपनी मनमर्जी से ग्राम समितियां बनाने व एक उपस्थित सदस्य को अनुपस्थित दर्शाने का आरोप लगाया। शुक्रवार को ग्राम पंचायत सदस्यों ने डीएम को पत्र भेजकर मामले की जांच कराने की मांग की है। साथ ही अन्य सदस्यों को भी समितियों में शामिल कराने की मांग की है।
शिकायती पत्र में कहा कि ब्लॉक बनियाखेड़ा की ग्राम पंचायत राजथल मैंथरा में गुरुवार को पहली बैठक हुई थी। बैठक के दौरान ग्रामीणों को पुलिस की मदद से प्राथमिक विद्यालय से बाहर करा दिया गया। आरोप है कि वार्ड-दस की ग्राम पंचायत सदस्य क्रांति देवी बैठक में उपस्थित रहीं। वही कार्रवाई रजिस्टर में उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं की गई। साथ ही एक ही ग्राम पंचायत सदस्य को तीन समितियों का अध्यक्ष व एक का सदस्य बना दिया। अन्य कई सदस्य ऐसे हैं जिन्हें न तो जिम्मेदारी दी गई और न ही सदस्य बनाया गया। शिकायती पत्र में मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।