संभल। पवांसा ब्लॉक के गांव अतरासी में निर्माण कार्य कराए बिना ही शासकीय धन को निकाल लिया गया। इसकी जानकारी गांव के लोगों को हुई तो जिला विकास अधिकारी और पंचायतराज अधिकारी से शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता ने जांच करा कार्रवाई की मांग उठाई है।
गांव अतरासी में अतिराम के घर से रामवीर के घर तक नाली निर्माण और सीसी टाइल्स कराए जाने का भुगतान 288578 रुपये किया गया है। जबकि हकीकत में न सीसीटाइल्स लगी हैं और न नाली का निर्माण किया गया है। इस सड़क पर काफी पुराना खडंजा है और कीचड़ है। वहीं दूसरा घपला रामकिशोर के घर से गोपाल के घर तक नाली व सीसी टाइल्स के नाम पर किया गया है। इस कार्य का भुगतान 372636 रुपये किया गया है। जबकि इस सड़क का निर्माण 2014-15 में असमोली विधायक पिंकी यादव ने निधि से कराया था।
तीसरी गड़बड़ी इस गांव में उमेश के घर से रामनिवास के घर तक नाली निर्माण और सीसी टाइल्स लगाने में की गई है। इस निर्माण कार्य के 481773 रुपये का भुगतान किया गया है, जबकि इस सड़क का निर्माण 2008-09 में पूर्व सांसद रामगोपाल यादव ने कराया था। इसके बाद कोई कार्य नहीं किया गया है। इन तीनों कार्य के 1142987 रुपये 27 जुलाई को निकाले गए हैं। ग्रामीणों ने इन भुगतान की जानकारी भी शिकायती पत्रों के साथ दी है।
क्या बोले ग्रामीण
उमेश के घर से रामनिवास के घर तक संभल के सांसद रहे प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने सीसी और नाली का निर्माण कराया था। उसके बाद कोई कार्य नहीं हुआ है। रामनिवास गांव अतरासी।
रामकिशोर के घर से गोपाल के घर तक विधायक पिंकी यादव की निधि से सीसी और नाली का कार्य किया गया था। उसके बाद से कोई कार्य हुआ ही नहीं है। जबकि अब भुगतान कर लिया गया। इसकी जांच की जानी चाहिए। हरवंश सिंह गांव अतरासी।
अतिराम के घर से रामवीर के घर तक पुराना खडंजा है और कीचड़ फैली पड़ी है। न नाली का निर्माण हुआ है और न सीसी टाइल्स लगाई गई हैं।
मनु यादव, गांव अतरासी।
बोले अफसर
अब शिकायत जानकारी में आई है। इसकी मैं जांच करूंगा और शिकायत सही पाए जाने पर रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को भेजूंगा। जिसके आधार पर सख्त कार्रवाई हो सके।
जाहिद हुसैन, डीपीआरओ, संभल।