प्रधानाध्यापकों की शिकायत पर पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष ने आंदोलन करने के संकेत दिए हैं।
प्रांतीय कोषाध्यक्ष संतोष यादव के आवास पर जब प्रदेशाध्यक्ष योगेश दीक्षित ने शिक्षक नेताओं से विचार विमर्श किया। इस दौरान शिक्षक नेता सेवाराम दिवाकर ने उन्हें बताया कि जूनियर स्कूल में विज्ञान किट खरीदने के लिए आठ-आठ हजार रुपये आए हैं।
आरोप लगाया कि बेसिक शिक्षा अधिकारी डा.सत्यनारायण उस धनराशि को व्यय करने के लिए ब्लैंक चेक मांग रहे हैं, कई शिक्षकों से ले भी लिए गए हैं। ब्लैंक चेक देने से मना करने पर वह कार्रवाई की धमकी दे रहे हैं। आरोप का अन्य शिक्षक नेताओं ने भी समर्थन किया। इस पर प्रदेशाध्यक्ष योगेश दीक्षित ने कहा कि यह मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। क्योंकि विज्ञान किट स्कूली प्रबंध समिति की संस्तुति से खरीदी जानी है, इसमें बीएसए की कोई भूमिका नहीं है। यदि ब्लैंक चेक लिए गए तो बीएसए के खिलाफ बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
बीएसए बोले-
मैंने किसी पर ब्लैंक चेक देने का कोई दबाव नहीं बनाया है। चेक तो संबंधित फर्म के नाम ही कटेगा। इतना जरूर है कि शिक्षकों को गुणवत्तापरक विज्ञान किट खरीदनी होगी। टीम भेजकर इनकी जांच कराई जाएगी। मानक अनुरूप नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।-डा.सत्यनारायण, बीएसए, संभल