चंदौसी। उपखंड अधिकारी अजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में विद्युत विभाग और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह अभियान चलाकर पेट्रोल पंप व आठ घरों में बिजली चोरी पकड़ी। यह कार्रवाई विद्युत चोरी रोको अभियान के तहत की गई। बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
मंगलवार को विजिलेंस और विद्युत विभाग की टीम ने शहर के मोहल्ला गोलागंज, बहजोई रोड, चाह धोबियान और हाथीखाना में बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान बहजोई रोड स्थित झलक पेट्रोल पंप पर वाणिज्यिक संयोजन में बिजली चोरी पाई गई। यहां अलग से मीटर के इनकमिंग केबल के अलावा सीधे ट्रांसफार्मर से तार डालकर पेट्रोल पंप की बिजली चलाई जा रही थी।
इसके अलावा मोहल्ला हाथीखाना और चाह धोबीयान में आठ घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। कुछ घरों में चोरी से एसी चलते पाए गए। इसके अलावा एलटी लाइन एबीसी और मीटर के इनकमिंग केबल में कट लगाकर चोरी की जा रही थी। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
एसई विनोद कुमार ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा। मंगलवार को नौ स्थानों पर अलग-अलग तरीके से 32 किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी गई। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस दौरान जेई पॉवर हाउस अजय कुमार, जेई हनुमानगढ़ी वरुण कुमार, जेई तहसील उपकेंद्र अभिषेक सिंह माैजूद रहे।