पहाड़ों के साथ ही मैदानी क्षेत्र में भी मानसूनी बारिश शुरू हो गई है। ऐसे में प्रशासन ने तहसील क्षेत्र में आशंकित बाढ़ से सुरक्षा को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। तहसील में छह बाढ़ सुरक्षा चौकी स्थापित की गई हैं। इन चौकियों के लिए अधिकारी एवं कर्मचारी भी नामित कर दिए गए हैं।
तहसील क्षेत्र में प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तैयारियां कर ली है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार बाढ़ आशंकित क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। ग्रामीणों को बाढ़ से निपटने और सुरक्षित रहने के बारे में बताया जा रहा है। एसडीएम रामकेश धामा ने बताया कि पहाड़ों के साथ मैदानी इलाके में बारिश शुरू हो गई है। ऐसे में तहसील क्षेत्र के गंगा किनारे के गांवों में बाढ़ का खतरा भी बढ़ जाता है। आशंकित बाढ़ से सुरक्षा के लिए तहसील क्षेत्र में छह बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि रजपुरा ब्लॉक के गांव चाऊपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय, गुन्नौर ब्लॉक में गांव शाहजहांनाबाद डांडा और काशीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय व रसूलपुर के जूनियर हाईस्कूल में बाढ़ चौकी बनाई गई है। जुनावई ब्लॉक में मिठनपुर के प्राथमिक और खिरकवारी टप्पा वैश्य के जूनियर हाईस्कूल में बाढ़ चौकी स्थापित की गई है। इन चौकियों के लिए अधिकारी एवं कर्मचारी भी नामित कर दिए हैं। इनकी ड्यूटी दो शिफ्टों में रहेगी।