बहजोई कोतवाली में पुलिस की गिरफ्त में तेजपाल का हत्यारोपी श्योराज।
- फोटो : CHANDAUSI
चंदौसी/बहजोई। बहजोई क्षेत्र के गांव नगलिया कठेर में मामूली बात को लेकर हुए विवाद में रेहड़ीवाले के हत्यारोपी श्योराज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस भी बरामद कर लिये हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, वहां से उसे जेल भेज दिया गया। हत्यारोपी श्योराज ने बताया कि रोजाना घर के पास तवा पीटता था। मना करने पर नहीं माना, तो गोली मार दी।
नगलिया कठेर में बुुधवार की शाम गोलगप्पे का ठेला लगाने वाले तेजपाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। आरोपी तमंचा लहराते हुए फरार हो गया था। मृतक के भाई जोगेंद्र ने पास में रहने वाले श्योराज के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गुरुवार की सुबह हत्यारोपी श्योराज को बहजोई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीओ चंदौसी अशोक कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि टीम बुधवार की शाम से ही आरोपी की तलाश में जुट गई थी। सुबह करीब दस बजे आरोपी को पुलिस ने गांव भरतरा के पास बिसारू रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस व एक खोखा बरामद हुआ है। टीम में थाना बहजोई प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह, एसआई धनवान सिंह, कांस्टेबल मानवीर विंह, चंद्रशेखर, आयुष, रजनीश रहे।