असमोली। असमोली थाने में जिला कृषि अधिकारी ने खाद भंडार स्वामी के खिलाफ यूरिया खाद की कालाबाजारी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि खाद भंडार स्वामी ने दो किसानों को बार बार यूरिया खाद का विक्रय किया। इसकी जांच की गई तो अवैध भंडार करने और कालाबाजारी का मामला सामने आया। इसी क्रम में रिपोर्ट दर्ज की गई। मंगलवार को जिला कृषि अधिकारी नरेंद्र प्रताप की तहरीर के आधार पर असमोली थाना क्षेत्र के गांव ऐंचोड़ा कंबोह स्थित सैनी खाद भंडार के स्वामी कोमल सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
खाद भंडार स्वामी ने गांव निवासी किसान उमेश और महेंद्री को पहली अप्रैल से 31 जुलाई तक 1202 और 699 बैग यूरिया खाद के विक्रय किए। जब जांच की गई तो किसानों के आधार कार्ड का गलत इस्तेेमाल करना सामने आया। साथ ही यह भी जानकारी हुई कि अवैध भंडार किया गया है और कालाबाजारी की गई। इसी क्रम में रिपोर्ट दर्ज हुई है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि शासन स्तर से जिले के टॉप 20 वायर्स की सूची आई थी। जिसमें जांच कराने के आदेश किए गए थे। इसी जांच के दौरान कालाबाजारी पकड़ी गई।