चंदौसी इंटर कालेज में टीईटी परीक्षा के लिए सिटिंग प्लान तैयार करते शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 2017 की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चंदौसी के चार परीक्षा केंद्रों पर सोमवार को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा में कुल 5141 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि चारों परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। डीआईओएस व बीएसए की अगुवाई में दो सचल दल गठित किए गए हैं। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12.30 बजे तथा दूसरी पाली अपराह्न 2.30 बजे से शाम पांच बजे तक होगी।
सभी परीक्षा केंद्रों पर सिटिंग प्लान तैयार कर लिया गया है। सुबह आठ बजे परीक्षा केंद्रों पर पेपर पहुंच जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की भी व्यवस्था की गई है।
एसएम कालेज परीक्षा केंद्र के लिए एसडीएम गुन्नौर प्रतिपाल सिंह चौहान व राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भुलावई के प्रधानाचार्य विनोद शर्मा, सीआईसी में एसडीएम चंदौसी अमित कुमार, उनके साथ डीआईओएस कार्यालय के जिला समन्वयक प्रदीप गुप्ता, नानकचंद इंटर कालेज में एसडीएम संभल राशिद, उनके साथ राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरथला के प्रधानाचार्य अभिषेक मिश्रा व बीएमजी कालेज में डिप्टी कलक्टर प्रभूदयाल व उनके साथ राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेरनी के प्रधानाचार्य राजेश कुमार को पर्यवेक्षक व सह पर्यवेक्षक बनाया गया है।