गुन्नौर न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट परिसर में अधिवक्ता व हेड मुहर्रिर के बीच होती झड़प : स्रोत- ज
गुन्नौर। अदालत परिसर में मंगलवार को अधिवक्ता और जुनावई थाने के हेड मोहर्रिर के बीच एक ट्रक को रिलीज करने के ऑर्डर को लेकर विवाद हो गया और बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसमें अधिवक्ता के कपड़े फट गए और उनके चोट भी आई है। इसको लेकर अधिवक्ता वीरेश यादव की ओर से गुन्नौर कोतवाली में हेड मोहर्रिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर दी है।
आरोप है कि अधिवक्ता वीरेश यादव का मुवक्किल ऋषिपाल थाने में खड़े अपने ट्रक का रिलीज ऑर्डर लेकर हेड मोहर्रिर दीपक कुमार के पास जुनावई थाना लेकर पहुंचे थे। हेड मोहर्रिर ने ऑर्डर को गलत बताते हुए ट्रक मालिक से अभद्रता करते हुए उनके अधिवक्ता के खिलाफ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया। अधिवक्ता वीरेश यादव की ओर से न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष शिकायत दर्ज कराने पर सिविल जज जूनियर डिवीजन ने थाना प्रभारी जुनावई सहित हेड मोहर्रिर को कोर्ट में तलब किया। इनसे पूछताछ की जानी थी, इसी दौरान कोर्ट परिसर के बाहर अधिवक्ता और एक कांस्टेबल के बीच विवाद हो गया और हाथापाई शुरू हो गई। इसमें अधिवक्ता वीरेश यादव के कपड़े फट गए और उन्हें चोटें भी आईं।
घटना के बाद साथी अधिवक्ताओं के साथ थाने पहुंचे वीरेश यादव ने हेड मोहर्रिर दीपक कुमार के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। थाना पुलिस द्वारा उनका मेडिकल कराया गया है।
इस मामले में जुनावई थाना प्रभारी मेघसिंह का कहना है कि दीपक कुमार मालखाना के इंचार्ज हैं। कोर्ट के रिलीज ऑर्डर में स्पष्ट न होने के कारण उन्होंने ट्रक रिलीज नहीं किया। इसके बाद जब कोर्ट में बुलाया गया तो उनपर अधिवक्ता की ओर से रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था।
इसी मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी आलोक सिद्धू ने कहा है कि अगर पुलिसकर्मी ने अनुचित हरकत की है, तो उसके खिलाफ पद के दुरुपयोग और कर्तव्य में लापरवाही के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।