संभल। सरकारी नलकूप की हाईटेंशन लाइन का तार जोड़ते समय करंट लगने से प्राइवेट लाइनमैन रामपाल कुमार (30) की मौत के मामले में रविवार को जमकर हंगामा हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया तो परिजन भड़क गए और थाने का घेराव करने के लिए पहुंच गए। शव सड़क पर रख दिया। करीब पांच घंटे के हंगामे के बाद मुआवजा, नौकरी और पेंशन का आश्वासन मिलने पर अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, बिजली निगम के एक्सईएन दिनेश कुमार ने एसएसओ राजेश सक्सेना को निलंबित कर दिया है।
घटना कैलादेवी थाना क्षेत्र के चाचू नागल गांव के जंगल में शनिवार को हुई थी। गांव कमालपुर खानपुरा निवासी रामपाल के परिजनों ने बताया कि सरकारी नलकूप की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन जोड़ने के लिए बुलाया गया था। रामपाल शटडाउन लेने के बाद खंभे पर चढ़कर तार जोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट आ गया, जिससे वह झुलसकर नीचे गिर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बिजली निगम के जेई और एसएसओ पर लापरवाही का आरोप लगाया था।
परिजनों का आरोप था कि तत्काल न रिपोर्ट दर्ज की गई और न आरोपी गिरफ्तार किए गए। इसके चलते ही करीब पांच घंटे तक हंगामा हुआ। परिजनों ने एफआईआर और उचित मुआवजे की मांग पूरी नहीं होने पर अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए संभल कोतवाली, हयातनगर, रायसत्ती और नखासा थाने के साथ पीएसी के जवान मौके पर पहुंच गए।
एसडीएम विकास चंद्र और सीओ कुलदीप कुमार थाने पहुंचे और पीड़ित परिवार को शांत किया गया। एसडीएम ने कहा कि बिजली निगम के नियमों के अनुसार 10 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और पत्नी को 2,500 रुपये पेंशन दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद सोमवार शाम पांच बजे परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
0000000
राजनीतिक दल व किसान संगठन के पदाधिकारी भी थाने पहुंचे
भाजपा और सपा के पदाधिकारी व किसान संगठन के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार का समर्थन किया और न्याय की मांग की। इसके बाद अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया। इसके बाद यह हंगामा शांत हो सका।
00000
कोट
पीड़ित पक्ष की ओर से जो मांग की जा रही थी, उसको सुना गया है। नौकरी, मुआवजा दिए जाने का भरोसा दिया है। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
विकास चंद्र, एसडीएम
ग्रामीणों की समस्या का समाधान कर दिया गया है। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
कुलदीप सिंह, सीओ