संभल। प्राचीन 68 तीर्थों और 19 कूपों की चौबीस कोसी परिक्रमा का शनिवार सुबह वंश गोपाल तीर्थ पर समापन हो गया। हजारों श्रद्धालुओं ने इस परमकल्याणकारी परिक्रमा में हिस्सा लिया।
यह परिक्रमा हर साल दिवाली के बाद श्री वंश गोपाल कल्कि धाम तीर्थ से शुरू होती है। श्रद्धालुओं ने सोमवार की भोर में पैदल परिक्रमा शुरू की थी। चंदायन गांव में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार सुबह वे वंश गोपाल तीर्थ पहुंचे।
यहां भक्तों ने कृष्ण भगवान के आने का साक्षी कदंब के पेड़ की परिक्रमा की और मनोकामनाएं मांगीं। मंदिर में विधि विधान से पूजा अर्चना कर सुख-समृद्धि की प्रार्थना की गई। भक्तों को हलवा भी वितरित किया गया। परिक्रमा के समापन पर वंश गोपाल तीर्थ पर भक्तिमय माहौल बना रहा। इस अवसर पर एक मेले का भी आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर चाट पकौड़ी का आनंद लिया।
बच्चों के लिए खेल-खिलौने और घरेलू सामान की खूब बिक्री हुई। परिक्रमा समिति के प्रभारी राजेश सिंघल, नगर हिंदू सभा के अध्यक्ष कमलकांत तिवारी, सुमित सराफ, हृदेश यादव और कपिल यादव ने व्यवस्था बनाने में सहयोग किया। बाद में कमेटी के पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।