संभल। शादी समारोह में अपने माता-पिता के साथ शामिल होने आई बालिका किसी तरह भटक गई और रात के अंधेरे में जंगल की ओर जा पहुंची। इसी दौरान मौके पर पहुंची यूूपी112 पुलिस ने मासूम को रोक लिया और पूछताछ की। बालिका अपने पिता के नाम के अलावा कुछ न बता सकी। पुलिस ने काफी तलाश के बाद बालिका को उसके परिजनों के लिए सुपुर्द किया।
मंगलवार की रात दस बजे करीबृृ यूपी 112 की पीआरवी गश्त कर रही थी। इस पीआरवी में कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, अवनीश कुमार और गुलशन भाटी थे। इसी दौरान संभल-मुरादाबाद रोड पर सिरसी रेलवे फाटक के पास पांच वर्षीय बालिका दिखाई दी। पुलिस कर्मियों ने बालिका से नाम और पता पूछा तो उसने अपना नाम सोफिया और अपने पिता का नाम सलीम बताया। पता बता नहीं सकी।
पुलिस कर्मी सिरसी कस्बे में लेकर पहुंचे। मस्जिद व गाड़ी में लगे लॉउडस्पीकर से एलान किया गया। इसी दौरान एक शादी समारोह में पहुंच गए। बालिका की जानकारी करने पर पता चला कि बालिका अपने माता-पिता के साथ उत्तराखंड के रामनगर से शादी समारोह में शामिल होने आई है। किसी तरह भटक गई और रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंच गई।