जावेद हबीब की फॉलिकल ग्लोबल कंपनी में निवेश के नाम पर ठगी केस में उनके अधिवक्ता ने 11 लोगों को आधी राशि लौटाकर शपथ पत्र लिए हैं। संभल पुलिस ने जावेद हबीब और उनके बेटे के खिलाफ 32 केस दर्ज किए है। एसपी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
मशहूर हेयर ड्रेसर जावेद हबीब के अधिवक्ता ने बृहस्पतिवार को 11 लोगों के रुपये लौटाए हैं। यह रुपये कुल निवेश की गई राशि से आधे हैं। लोगों से शपथ पत्र भी लिए गए हैं। जिसमें लिखा है कि वह जावेद हबीब और उसके बेटे के खिलाफ अब कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं।
विज्ञापन
कार्रवाई की जद में आए जावेद हबीब ने 20 से 22 लोगों के ही रुपये लौटाए हैं। हालांकि दर्ज 32 मुकदमों में 47 लोग पीड़ित हैं। इन लोगों के अलावा भी काफी लोग हैं। अनुमान है कि 200 से ज्यादा लोगों ने पांच करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया था।
जावेद हबीब की फॉलिकल ग्लोबल कंपनी में वर्ष 2023 में संभल शहर और आसपास के क्षेत्र के लोगों ने निवेश किया था। इस निवेश से पहले हयातनगर थाना क्षेत्र में एक सेमीनार हुआ था। जिसमें जावेद हबीब और उसका बेटा शामिल हुए थे।
विज्ञापन
लोगों को बताया था कि उनकी कंपनी 20 से 70 प्रतिशत तक मुनाफा देगी। जो जितना निवेश करेगा उसको उतना ही मुनाफा मिलेगा। जावेद हबीब के इस भरोसे में लोग आ गए और कॉइन में निवेश कर दिए। एक आईडी में कम से कम 90 हजार रुपये निवेश किए गए।
इसमें महिलाएं भी शामिल हुईं। जब मूल रकम और मुनाफा नहीं मिला तो लोगों को धोखाधड़ी का अहसास हुआ था। इसके बाद ही मामला एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई तक पहुंचा और उन्होंने पीड़ितों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। एक के बाद एक 32 मुकदमे दर्ज हुए तो निवेशकों के रुपये लौटाने शुरू किए गए हैं।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई हैं। जांच अभी जारी है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ेगी। जिन लोगों ने निवेश किया था उसमें ज्यादातर आर्थिक रूप से कमजोर लोग शामिल हैं।