शहर की जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर बताते हुए दाखिल वाद के आधार पर सर्वे के लिए कोर्ट कमिश्नर की टीम पहुंची तो संभल में बवाल हो गया। रविवार सुबह सात बजे अचानक टीम के आने पर जुटी भीड़ मस्जिद में दाखिल होने कोशिश करने लगी। रोकने पर पुलिस पर पथराव कर दिया। हिंसक हुई भीड़ ने सीओ की गाड़ी समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ कर दी और आग लगा दी। इसी बीच फायरिंग भी शुरू हो गई। पुलिस ने आंसू गैस के गोले और लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। बवाल में घिरकर पांच लोगों की मौत हो गई। कई अधिकारियों समेत दर्जनों लोग घायल हुए हैं। तनाव को देखते हुए संभल में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।
पुलिस के साथ पीएसी, आरआरएफ और आरएएफ को शहर में लगाया गया है। बवाल में कई पुलिसकर्मी और अधिकारी घायल हुए हैं। सभी का मेडिकल कराया गया है। अब हालात काबू हैं। बवालियों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- मुनिराज जी, डीआईजी, मुरादाबाद
मस्जिद में खोदाई की गफलत ने भड़काई आग
पत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सर्वे टीम के मस्जिद में दाखिल होते ही भीतर खोदाई की चर्चा फैल गई। रविवार की छुट्टी में अचानक सुबह-सुबह टीम पहुंचने की जानकारी से चौंके लोग भीतर खुदाई की चर्चा से भड़क गए। पहले मस्जिद के आसपास के लोग जुटे लेकिन कुछ ही देर में बड़ा हुजूम मस्जिद की आसपास की सड़कों पर जुट गया। संकरी और पतली गलियों से शोर-शराबा करते भीड़ पथराव करने लगी। इनसे मोर्चा लेने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।