संभल। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा 22 फरवरी से शुरू हो रही है। परीक्षा के दौरान छात्राओं के कक्ष में महिला शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। साथ ही, जिन शिक्षकों के खिलाफ बोर्ड में कोई मामला है या डिबार किया गया है, उनकी ड्यूटी भी कक्ष निरीक्षक के रूप में नहीं लगेगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इस संबंध में डीआईओएस को निर्देश दिए हैं। कहा गया है कि परीक्षा केंद्रों पर उन विद्यालयों के शिक्षकों को तैनात न किया जाए जिन विद्यालयों के विद्यार्थी उस केंद्र पर परीक्षा दे रहे हों। जिला विद्यालय निरीक्षक वेदराम ने बताया कि ड्यूटी से गैरहाजिर शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्र पर तैनात सभी कक्ष निरीक्षक केंद्र व्यवस्थापक के अधीन रहकर कार्य करेंगे।
बताया कि परीक्षा में जिन शिक्षकों के खिलाफ बोर्ड में कोई भी मामला विचाराधीन है, या फिर बोर्ड की ओर से शिक्षक को डिबार किए गए हैं, उनकी डयूटी भी कक्ष निरीक्षक के रूप में इस बार नहीं लगेगी। इसका पालन प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर होना चाहिए। लापरवाही मिली तो कार्रवाई की जाएगी। मालूम हो कि जिले में 76 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें इस बार बोर्ड परीक्षा के लिए 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है।