संभल। यूपी बोर्ड की परीक्षा गुरुवार यानि आज से शुरू होगी। परीक्षा के लिए जिले में 70 केंद्र बनाए गए हैं। इन पर कुल 44965 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। हाईस्कूल की परीक्षा सुबह आठ बजे से शुरू होगी और पहला पेपर हिंदी और प्रारंभिक हिंदी का होगा, वहीं इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों के लिए सुबह की पाली में सैन्य विज्ञान और दोपहर दो बजे से शुरू होने वाली पाली में हिंदी/सामान्य हिंदी के पेपर होंगे।
बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि परीक्षा की अवधि 3 घंटे और 15 मिनट निर्धारित है, जिसमें से पहले 15 मिनट प्रश्न-पत्र को पढ़ने के लिए दिए जाएंगे। दिव्यांग और दृष्टि बाधित परीक्षार्थियों के लिए अतिरिक्त 20 मिनट दिए जाएंगे। परीक्षार्थी यूपी बोर्ड द्वारा जारी प्रवेशपत्र पर दिए गए निर्देशों और प्रश्नपत्र पर दिए निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें। परीक्षा के लिए निकलते समय प्रवेशपत्र के साथ-साथ सभी सामग्रियों, मास्क, सैनिटाइजर आदि ले जाएं। परीक्षा केंद्र और कक्ष में सामाजिक दूरी का पालन सुनिश्चित करें। परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से एक घंटा पहले पहुंचें, यानि पहली पाली के पेपर के लिए केंद्र पर सुबह सात बजे और दूसरे पाली के लिए दोपहर एक बजे परीक्षा केंद्र पहुंच जाएं। ताकि परीक्षा केंद्र पर कोई परेशान न आए।
एक नजर में
परीक्षा केंद्र-70
जोनल मजिस्ट्रेट-3
सेक्टर मजिस्ट्रेट-14
स्टेटिक मजिस्ट्रेट-70
केंद्र व्यवस्थापक-70
बाह्य केंद्र व्यवस्थापक-64
बोर्ड परीक्षा के लिए तैयारी पूरी हो गई हैं। हर हाल में नकल विहीन परीक्षा कराई जाएगी। कोई भी विद्यार्थी नकल करने की कोशिश न करें। सभी केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी से की जाएगी।
मनोज कुमार आर्य, डीआईओएस, संभल