नवंबर के बवाल बाद मस्जिद के सामने बनी थी चौकी
संभल की जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर बताते हुए जिला स्तरीय कोर्ट में दाखिल याचिका के क्रम में हुए सर्वे के दौरान नवंबर 2024 में संभल में बवाल हुआ था। इसके तुरंत बाद जामा मस्जिद के सामने सत्यव्रत चौकी की स्थापना की गई थी। यह पुलिस चौकी जामा मस्जिद के सामने बनाई गई थी। दो मंजिला भवन में स्थित इस चौकी से अब पुलिस का जिला कंट्रोल रूम भी संचालित हो रहा है। सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम भी इसी चौकी में है।
मुरादाबाद जोन की पहली एटीएस यूनिट
एसपी ने बताया कि संभल की स्थायी एटीएस यूनिट बरेली पुलिस जोन की पहली यूनिट है। जोन के किसी अन्य जिले में इसकी व्यवस्था नहीं है। कुछ जिलों में एटीएस टीम की व्यवस्था है। जानकार बताते हैं कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ, नोएडा और सहारनपुर में एटीएस यूनिट है।
बवाल के बाद बनाए दो नए थाने, 45 चौकियां
जामा मस्जिद सर्वे के दौरान 24 नवंबर को हुए बवाल के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। एक ओर जिले में जहां दो नए थाने बनाए गए, वहीं 45 नई चौकियां भी स्थापित की गई हैं। इनमें रायसत्ती थाना और सत्यव्रत पुलिस चौकी के अलावा हिंदूपुरा, दीपा सराय और भोलेश्वर चौकी शहर में स्थापित की गई हैं।
इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए दो सौ से अधिक सीसीटीवी का जाल भी बिछाया गया है। आरआरएफ और पीएसी की पांच-पांच कंपनियां चौकसी में लगाई गई हैं।