उत्तर प्रदेश के संभल नगर के तुर्तीपुर इल्हा मोहल्ले में बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे एक निर्माणाधीन मकान की दीवार भर-भराकर गिर गई। हादसे में तीन मजदूर मलबे में दब गए। दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। एक मजदूर को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल से मुरादाबाद रेफर किया गया। उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
संभल के मोहल्ला कबीर की सराय निवासी नईम पुत्र लईक (38), फाजिल पुत्र इलियास (30) की मौके पर मौत हुई है। इसी मोहल्ले के निवासी रिजवान (30) पुत्र फुरकान को एबुलेंस से गंभीर अवस्था में मुरादाबाद ले जाया जा रहा था। रास्ते में उनकी सांसें थम गईं। नईम राजमिस्त्री था। फुरकान और फाजिल उसके साथ मजदूरी कर रहे थे। मौतों से इनके परिवारों में कोहराम मच गया।
फाजिल के भाई अंफाल हुसैन ने बताया कि यह तीनों अतीक के प्लाट पर मकान के लिए दीवार बनाने का काम कर रहे थे। अचानक दीवार गिरने से हादसा हुआ है। नखासा थाने में घटना की तहरीर दी गई है। नखासा पुलिस सबसे पहले घटना स्थल पर पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार जायसवाल और पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने जिला अस्पताल पहुंच कर पीड़ित परिवारों के परिजनों से घटनाक्रम की जानकारी हासिल की।