बनियाठेर में हाईवे पर हादसे में पलटी कार को देखते कृषि उपनिदेशक व पुलिस
- फोटो : CHANDAUSI
संभल। चंदौसी मुरादाबाद मार्ग पर दाल मिल की पुलिया के पास टायर पंक्चर होने से कार अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा में चली गई और बाइक सवार को रौंदते हुए पलट गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया तथा कार में सवार कृषि उपनिदेशक संभल मामूली रूप से चोटिल हो गए हैं। युवक को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।
शुक्रवार सुबह संभल जनपद के कृषि उपनिदेशक हीरा सिंह जीना हल्द्वानी से अपनी कार से ऑफिस आ रहे थे। सुबह करीब नौ बजे दाल मिल की पुलिया के पास पहुंचने पर उनकी कार का टायर पंक्चर हो गया। इससे कार अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा में में सामने से आ रहे बाइक सवार को रौंदते हुए ईटों के ढेर पर चढ़ कर पलट गई। हादसे में बाइक सवार चंदौसी के मोहल्ला राय सत्ती सुभाष रोड निवासी कौशल त्रिवेदी गंभीर रूप से घायल हो गया। कौशल त्रिवेदी मुरादाबाद कोटक महिंद्रा बैंक में काम करता है। बाइक सवार ड्यूटी पर जा रहा था। बाइक सवार दूर खंदी में जा गिरा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी चंदौसी भेजा, वहां से उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं, कार के शीशे तोड़कर मामूली रूप से घायल कृषि उपनिदेशक हीरा सिंह जीना को सकुशल बाहर निकाला गया। पुलिस ने कार व बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष बनियाठेर रवींद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहन पुलिस के कब्जे में है। घायल युवक का उपचार चल रहा है, इस प्रकरण में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।