गुन्नौर। दिल्ली-बदायूं हाईवे पर शनिवार देर रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
गुन्नौर क्षेत्र के गांव जगन्नाथपुर निवासी भीमसेन (35) शनिवार की देर रात बाइक पर गुन्नौर से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान बबराला-बदायूं हाईवे पर गुन्नौर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इधर से निकलने वाले वाहन चालकों ने रुककर देखा तो युवक की मौत हो चुकी थी। उन्होंने पुलिस को सूचना देकर बुलाया।
अस्पताल में चिकित्सक द्वारा युवक को मृत घोषित किए जाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बाइक के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने का लगता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।