ओबरी। असमोली थाना क्षेत्र के गांव नरेठा मोहम्मदपुर में राजमिस्त्री के घर में घुसकर परिजनों को बंधक बनाकर लूट की वारदात के बाद रविवार को साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम नमूने लेने पहुंची।
गांव नरेठा मोहम्मदपुर के निवासी मतीन राजमिस्त्री हैं। जबकि उसके दो बेटे वसीम और मोहसिन मैंगलोर में रहकर बाल कटिंग और शीशे का काम करते हैं। मतीन अपनी पत्नी शमसीदा, पुत्रवधू गुलफशां के साथ गांव में ही रहते हैं। शुक्रवार की रात्रि लुटेरे घात लगाकर घर में दाखिल हुए और सीधे कमरे में जाने लगे। आहट सुनकर गृहस्वामी की आंख खुली तो उसने नकाबपोश लुटेरों को कमरे में जाने से रोका।
बदमाशों ने दंपती को गनप्वाइंट पर लेकर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद लुटेरे दूसरे कमरे में पहुंचे। ताला खोलकर आधा घंटे में आठ लाख का सामान समेट कर फरार हो गए थे। पीड़ित ने डाॅयल 112 को घटना की जानकारी दी तो स्थानीय पुलिस आई। तहरीर लेकर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू की है। इस बीच रविवार को पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घर में लुटेरों की मौजूदगी के स्थानों से सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए। इस दौरान असमोली थाना पुलिस भी मौजूद रही।