संभल के जिला अस्पताल में सड़क हादसे में घायल युवक को देखकर रोते परिजन।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। कोतवाली क्षेत्र के संभल-चंदौसी मार्ग पर बिछौली के पास सौर ऊर्जा प्लेट लादकर जा रहे ई-रिक्शा से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। घायल को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। राहगीरों ने ई-रिक्शा चालक को पकड़, घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
मुरादाबाद जिले के बिलारी थाना क्षेत्र के वीरमपुर गांव निवासी भूरा (56) पुत्र छुट्टन अपने ममेरे भाई की शादी में
शामिल होने के लिए पाकबड़ा गए थे। बृहस्पतिवार को ममेरे भाई की बरात बनियाठेर थाना क्षेत्र के कस्बा नरौली गई थी। भूरा और उनका भांजा अहराब एक बाइक पर सवार होकर पाकबड़ा से नरौली बरात में शामिल होने के लिए जा रहे थे। बाइक को भूरा चला रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक संभल-चंदौसी मार्ग स्थित गांव बिछौली के नजदीक पहुंची, तभी उनकी बाइक ई-रिक्शा से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे भूरा के शरीर में ई-रिक्शा में रखे सौर ऊर्जा की प्लेट का किनारा घुस गया। परिणाम स्वरुप घायल भूरा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनका भांजा अहराब गंभीर रूप से घायल हुआ। भूरा के मौत की खबर मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी फूलजहां का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल ओमकार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।