संभल। सिटी मजिस्ट्रेट ने मुंसिफी मार्केट में बिना डॉक्टर के चल रहे सिटी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा मारा। कोई भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर सेंटर को सील करा दिया गया। नोडल अधिकारी को प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।
सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बृहस्पतिवार को दोपहर में छापा मारा तो रिसेप्शन पर एक युवक और चैंबर में एक युवती मिली। युवती ने खुद को गजरौला की बताया। सेंटर में एक व्यक्ति पत्नी का अल्ट्रासाउंड कराने के लिए मौजूद मिले। तीन अन्य लोग भी सेंटर पर आए थे लेकिन कोई डाॅक्टर उपस्थित नहीं था।
अल्ट्रासाउंड मशीन का निरीक्षण करने पर पता चला कि एक अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट पर डाॅ. हीराराम के अपठित हस्ताक्षर थे और एक अल्ट्रासाउंड की स्टैंड प्रति पर एक महिला का नाम एवं समय करीब 12.07 अंकित मिला। जिससे स्पष्ट हुआ कि कुछ मिनटों पहले ही महिला का अल्ट्रासाउंड बिना किसी डाॅक्टर की उपस्थिति में किया गया।
मौजूद मरीजों ने बताया कि फीस रिसेप्शन पर दी गई है। सिटी मजिस्ट्रेट ने मरीजों को फीस वापस कराई। युवक और युवती से अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालन के संबंध में वैध अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए कहा लेकिन नहीं दिखाए गए। जिस पर नोडल अधिकारी क्वेक्स डाॅ. मनोज चौधरी को जांच करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि अवैध रूप संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील करा दिया गया।
लगातार कार्रवाई, फिर भी नहीं थम रहा अवैध सेंटरों का संचालन
देहात क्षेत्र में तो अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर की भरमार है। गुन्नौर, रजपुरा, बबराला, सौंधन, असमोली और मोहम्मदपुर टांडा में अवैध अल्ट्रासाउंड का संचालन किया जाता रहा है। लगातार कार्रवाई भी चल रही है। शहर में भी कार्रवाई लगातार जारी है। इसके बाद भी अवैध तरीके से संचालन थम नहीं रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट ने ही तीन महीने के अंदर 10 से ज्यादा स्थानों पर शहर में कार्रवाई की है। इसके बाद भी अवैध संचालन हो रहा है।
अवैध रूप से संचालित होने वाले अल्ट्रासाउंड सेंटर व अस्पताल पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। जो भी अवैध संचालन पाया जाएगा। उसके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई जाएगी।
सुधीर कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट, संभल