बबराला। अनूपशहर मार्ग पर सोमवार दोपहर दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में दो युवकों बाबूजी (26) और राकेश (26) की जान चली गई। इस हादसे में दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। गांव भगता नगला के समीप हुए हादसे के बाद दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।
गांव केवलपुर तिपेड़ा निवासी बाबूजी अपने साथी करन के साथ बबराला आ रहे थे, जबकि गांव भगता नगला निवासी राकेश अपने साथी दिनेश के साथ बबराला से अपने गांव लौट रहा था। दोपहर करीब 2:40 बजे नगर पंचायत के एमआरएफ सेंटर के कट के पास दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बाबूजी को मृत घोषित कर दिया। करन, राकेश और दिनेश की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में राकेश ने भी दम तोड़ दिया।
चार दिन पहले गांव लौटे थे बाबूजी
बाबूजी (26) चार दिन पहले चंडीगढ़ से अपने गांव लौटे थे। वह चंडीगढ़ में मजदूरी का काम करते थे। उनकी गर्भवती पत्नी राजवती पति का शव देखकर सदमे में आ गईं। अस्पताल में मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला। राकेश (26) बबराला के बाबूराम सिंह भई इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा का छात्र था। वह अपने दादाजी को बबराला छोड़कर अपने गांव जा रहा था।
घटना स्थल से अस्पताल तक मची चीख-पुकार
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। घटनास्थल से अस्पताल तक चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बना रहा। थानाध्यक्ष लवनीश चौधरी ने बताया कि मृतक बाबूजी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दूसरे मृतक राकेश के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।