बबराला (संभल)। बहजोई-बबराला मार्ग पर काली मंदिर के सामने शनिवार को दो बाइकाें में भिड़ंत हो गई। हादसे में गुन्नौर निवासी जावेद (35) और गढि़या निवासी रंजीत (18) की मौत हो गई। रंजीत का तहेरा भाई विवेक और जावेद का बेटा शान मोहम्मद घायल हो गए। घायलों को गुन्नौर सीएचसी में भर्ती कराया है। जबकि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
गुन्नौर के मोहल्ला टंकी निवासी खुर्शीद शनिवार को बेटे शान के साथ बहजोई के गांव पाठकपुर गया था। वहां लौटते समय बहजोई मार्ग पर नूरपुर तिराहे से पहले काली मंदिर के सामने उसकी बाइक बबराला की ओर से जा रहे गांव गढि़या निवासी विवेक और रंजीत की बाइक से टकरा गई। हादसे में चारों लोग घायल हो गए। राहगीराें की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए गुन्नौर सीएचसी भेजा। जहां पर डॉक्टरों ने जावेद और रंजीत को मृत घोषित कर दिया। जबकि विवेक को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। वहीं मोहम्मद शान को घर भेज दिया गया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
बहन से दूज कराने जा रहा था रंजीत
हादसे में जान गंवाने वाला रंजीत शनिवार को अपने तहेरे भाई विवेक के साथ धनारी के गांव बगढ़ेर से अपनी बहन को बुलाने जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में हादसा हो गया। रंजीत छह बहन भाइयों में चौथे नंबर का था। पेशे से वह ऑटो मिस्त्री था। मृतक की मां ओमवती का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं जावेद चूर्ण चटनी बेचने का काम करता था। वह अपने पीछे पांच छोटे छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
वर्जन
बाइकों की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है। मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। बालक समेत दो लोग घायल हुए हैं। उनका उपचार चल रहा है। - डॉ. प्रदीप कुमार, सीओ गुन्नौर