गुन्नौर (संभल)। थाना क्षेत्र के नरौरा मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों ने निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
जनपद बदायूं के थाना सहसवान के गांव भगता नगला निवासी राहुल व राम खिलाड़ी दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। दिल्ली में लॉकडाउन लगने से दोनों युवक बाइक से अपने घर लौट रहे थे। मंगलवार की दोपहर जब बाइक सवार दोनों युवक गुन्नौर-नरोरा मार्ग पर पहुंचे तो सामने से आ रहे किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और घायल हो गए। सड़क पर युवकों को पड़ा देख राहगीरों ने उन्हें नजदीक के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। उपचार के दौरान राहुल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।