संभल। जिले में संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ठीक होने की दर से संक्रमित मिलने की दर छह गुना ज्यादा है। जिस तरह से मरीज मिल रहे हैं उससे जिले में संचालित हो रहे एल वन और एल टू अस्पतालों में बेडों की क्षमता बढ़ानी पड़ सकती है। जबकि जिले में एल थ्री कोविड अस्पताल की व्यवस्था नहीं है।
जिले में 1 अप्रैल से 19 अप्रैल तक 160 कोरोना संक्रमित मरीज ही स्वस्थ होकर घर लौटे हैं जबकि 961 संक्रमित मरीज 19 दिनों में सामने आई है। इससे साफ जाहिर है कि संक्रमितों की संख्या स्वस्थ होने वालों से छह गुना ज्यादा है। इसी रफ्तार से संक्रमित मरीज मिले तो यह दर बढ़ सकती है। अस्पतालों में बेडों की क्षमता भी बढ़ानी पड़ेगी।
हर दिन मरीजों की बढ़ती संख्या और उनकी सेहत स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के लिए चिंता का सबब है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि व्यवस्थाओं को बनाया जाए लेकिन मरीजों की बढ़ती संख्या अव्यवस्था बना रही है। स्वास्थ्य विभाग के जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि संक्रमितों की दर स्वस्थ होने वाले लोगों से कई गुना ज्यादा है। संक्रमण से बचने के लिए लोगों को जागरूकता दिखानी होगी। तभी संक्रमण से बचा सकता है। लापरवाही सभी के लिए मुश्किल पैदा करेगी।