किशोरियों के डूबने के बाद गंगा किनारे जमा लोग।
- फोटो : किशोरियों के डूबने के बाद गंगा किनारे जमा लोग।
बबराला। गुन्नौर तहसील क्षेत्र के गांव ईशमपुर डांडा में गंगा में आठ वर्षीय मोहिनी समेत ईशानी (13) व गौरी (12) गंगा में डूब गईं। आसपास मौजूद लोगों ने बालिका को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जबकि दोनों किशोरियां गंगा में डूब गईं। स्थानीय गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम द्वारा किशोरियों को तलाश किया जा रहा है। देर शाम तक किशोरियों का पता नहीं लग सका।
गांव ईशमपुर डांडा निवासी ईशानी पुत्री पदम सिंह, गौरी पुत्री श्यौराज सिंह और आठ वर्षीय मोहिनी पुत्री भगवान दास बृहस्पतिवार की सुबह 10 बजे करीब अपनी बकरी चराने के साथ-साथ घरवालों से गांव से दो किलो मीटर दूरी पर स्थित बाबा रघुवीर दास मंडी पर भंडारा में शामिल होने के लिए कह कर घर से आई थीं। दोपहर करीब 12 से एक बजे के बीच खेलते खेलते तीनों गंगा घाट ईशमपुर के कच्चे घाट पर पहुंच गईं। जहां गंगा के बीच में खाली पड़े रेत के टीलों पर टमाटर, खीरा व लौकी फसल देख कर वह टमाटर तोड़ने के लिए गंगा में उतर गईं और गहरे पानी में पहुंच गईं। जिससे तीनों गंगा में डूबने लगीं। किशोरियों के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर गंगा किनारे पशु चरा रहे लोग मौके पर पहुंचे।
लोगों ने गंगा में उतर कर आठ वर्षीय मोहिनी को सकुशल बाहर निकाल लिया। जबकि ईशानी और गौरी गंगा में डूब गईं। पता लगने पर परिजनों समेत सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी पहुंच गई। स्थानीय गोताखोर और एसडीआरएफ की मदद से तलाश की गई। देर शाम तक दोनों किशोरियों का पता नहीं लग सका। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।