असमोली। गांव शकरपुर सोत में बुखार का कहर जारी है। शनिवार को बुखार से पीड़ित एक महिला समेत दो लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे। जिनका इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई लोग बुखार से पीड़ित हैं। बताया कि गांव शकरपुर सोत निवासी राजू सिंह 25 को एक हफ्ते से बुखार था। तेज बुखार के चलते परिजनों ने उन्हें मुरादाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
शनिवार की शाम तीन बजे के करीब इलाज के दौरान राजू सिंह की मौत हो गई। वहीं इसी गांव की निवासी प्रवेश देवी 36 पत्नी जयवीर सिंह भी पांच दिन से बुखार से पीड़ित थीं। परिजन उनका इलाज गांव के ही एक चिकित्सक से करा रहे थे। जब हालत बिगड़ी तो परिजन महिला को संभल के निजी अस्पताल लेकर आ गए। जहां शनिवार की शाम पांच बजे इलाज के दौरान प्रवेश देवी ने दम तोड़ दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही दिन में बुखार से दो लोगों की मौत होने से गांव दहशत का माहौल है।