शनिवार सुबह रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बैठने को लेकर युवकों के दो गुटों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आपस में मारपीट करने लगे। सूचना पर आई जीआरपी ने दोनों पक्षों के करीब नौ लोगों को हिरासत में लेकर उन पर शांतिभंग में कार्रवाई की।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे करीब कुछ युवक पूर्णा गिरी जनशताब्दी एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। तभी युवकों के बीच बैठकर खाना खाने को लेकर कहासुनी हो गई। थोड़ी ही देर में युवक आपस में गाली-गलौज व मारपीट करने लगे। इस बीच सूचना पर आई जीआरपी के सिपाहियों ने जब युवकों को समझाने का प्रयास किया, तो वे नहीं माने और आपस में मारपीट करते रहे। इसके बाद जीआरपी युवकों को अपने साथ थाने ले आई। जीआरपी प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में दोनों पक्षों से नौ युवकों को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें एक पक्ष से अरुण कुमार निवासी थाना मेहम जिला रोहतक, सूरज साहू निवासी मोहल्ला कचाना थाना बिशारत गंज जिला बरेली, सचिन साहू निवासी मोहल्ला पुरानी बाजार थाना बिशारत गंज जिला बरेली, सोनू साहू निवासी गांव रामपुर बुजुर्ग थाना भमौरा जिला बरेली तथा दूसरे पक्ष से गुलाब सिंह, दानिश, मुनेंद्र पाल, फाजिल, शिवशंकर निवासी गांव पहाड़ पुर थाना फैजगंज बेहटा जिला बदायूं शामिल है। सभी आरोपियों पर शांतिभंग में कार्रवाई की गई।