रजपुरा(संभल)।
फर्जी दस्तावेज तैयार कर ट्रैक्टर को धोखाधड़ी से बेचने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी धोखाधड़ी कर फाइनेंस कंपनियों को आर्थिक नुकसान पहुंचाते थे। पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया। आरोपियों को न्यायालय से जेल भेज दिया गया।एएसपी (दक्षिणी) अनुकृति शर्मा ने बताया कि गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव कैल निवासी राहुल शर्मा बरेली की यस बैंक में सेल्स एक्जीक्यूटिव के पद पर तैनात हैं। उन्होंने रजपुरा थाना क्षेत्र में सिंहदलनपुर गांव के सत्यपाल को 4.10 लाख रुपये का लोन कराकर अक्तूबर 2024 में ट्रैक्टर दिलाया था। आरोप है सत्यपाल ने जमालपुर डांडा के रामौतार, जियान गला के भगत उर्फ फगुनी और कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव बागर इम्मा के रजनेश से मिलकर षड्यंत्र के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर ट्रैक्टर को अमरोहा जनपद के रजबपुर निवासी मनोज को 2.70 लाख रुपये में बेच दिया। जबकि ट्रैक्टर की कीमत 5.80 लाख रुपये थी। ट्रैक्टर बेचने के संबंध में एआरटीओ और फाइनेंस कंपनी को सूचना नहीं दी गई। सत्यपाल ने लोन की एक किस्त भी जमा नहीं की। पुलिस ने शनिवार को आरोपियों को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि आरोपी इसी तरह से फाइनेंस कराकर धोखाधड़ी से ट्रैक्टर बेचते हैं। इससे फाइनेंस कंपनियों को काफी नुकसान पहुंचता है। पुलिस ने आरोपियों द्वारा बेचे गए ट्रैक्टर को रजबपुर के मनोज से बरामद कर लिया है।