संभल। निजी नलकूप के लिए रखे विद्युत ट्रांसफार्मर को बदलते वक्त दो लाइनमैन करंट लगने से झुलस गए। आनन फानन में झुलसे लाइनमैनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक की हालत गंभीर है। शटडाउन लेने के बावजूद हाईटेंशन लाइन में करंट प्रवाहित हुआ। जिससे हादसा हुआ।
मंगलवार की शाम पांच बजे के करीब हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव रायपुर में किसान अतर सिंह के निजी नलकपू के लिए रखे विद्युत ट्रांसफार्मर को फूंकने के बाद बदला जा रहा था। चौधरी सराय निवासी लाइनमैन इकबाल और रायपुर के निवासी अशोक विद्युत ट्रांसफार्मर को बदलने के काम में लगे थे। ट्रांसफार्मर बदलने से पहले शटलाइन लिया गया था। लेकिन इसके बावजूद हाईटेंशन लाइन में करंट प्रवाहित हो गया। जिससे काम कर रहे दोनों लाइनमैन झुलस गए। आसपास के लोग आनन फानन में झुलसे लाइनमैनों को संभल के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां दोनों का उपचार किया गया। इसमें अशोक की हालत गंभीर है।
अझरा फीडर से रायपुर को लाइन जा रही है। इस पर चार बजकर 28 मिनट पर एक विद्युत ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए लाइनमैन के द्वारा शटडाउन लिया गया था। तभी से शटडाउन चालू है। करंट कहां से प्रवाहित हुआ, इसकी कोई जानकारी नही है।
नरेश पाल, एसएसओ खिरनी मोहिउद्दीनपुर