संभल। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव केसरपुर के नजदीक कंटेनर सड़क किनारे खड़े ट्रक से भिड़ गया। इसमें चालक व परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब ट्रक सड़क पर खड़ा था और कोहरे के चलते कंटेनर पीछे से आकर भिड़ गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक व परिचालक को अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।
शनिवार की भोर करीब चार बजे गांव केसरपुर के नजदीक एक ट्रक टायर में पंक्चर होने के कारण सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आया कंटेनर ट्रक में घुस गया। इसमें हाथरस के गांव रूहेरी निवासी कंटेनर चालक श्यामवीर व परिचालक राजू घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब ट्रक चालक ट्रक में रामपुर से चीनी भररकर हाथरस जा रहा था। जैसे ही केसरपुर के नजदीक पहुंचे तो ट्रक के टायर में पंक्चर हो गया।
चालक ने ट्रक सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसी दौरान कंटेनर पीछे से आया तो कोहरे के कारण ट्रक दिखाई नहीं दिया और कंटेनर ट्रक में जा घुसा। इससे कंटेनर के चालक व परिचालक घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची यूपी 112 पुलिस ने घायलों को रजपुरा अस्पताल में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। पुलिस ने एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया है। जहां चालक और परिचालक का उपचार चल रहा है।